राजधानी सहित पूरे प्रदेश में गुरु नानकदेव का 550वां प्रकाश पर्व उत्साह से मनाया जा रहा है। गुरुद्वारों में रागी जत्थे कीर्तन कर रहे हैं। बड़ी संख्या सिख समाज के अलावा अन्य समुदाय के लोग भी गुरुद्वारों में मत्था टेकने पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारा में जाकर मत्था टेका और लोगों को गुरु नानकदेव के प्रकाशोत्सव पर बधाई दी।
गुरुद्वारा में मत्था टेकने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि गुरु नानकदेव किसी एक धर्म के नहीं थे। हमे उनके बताए रास्ते का अनुसरण करना चाहिए। इस मौके पर प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा भी मौजूद थे।
इससे पहले आज सुबह से ही राजधानी के सभी गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की भीड़ है। रागी जत्थों के कीर्तन की आवाज गूंज रही है। प्रदेश के कई गुरुद्वारों में इस मौके पर खासतौर से पंजाब से रागी जत्थे बुलवाए गए हैं। हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारा में आज सुबह 7 से दोपहर 2.30 बजे तक विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इसके बाद लंगर का आयोजन किया जाएगा।